कैबिनेट मंत्री ने किया नेहरू स्टेडियम पुनर्निर्माण कार्य का शुभारंभ

रुड़की के  नेहरू स्टेडियम को अब आधुनिक स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित किया जाएगा। लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद स्टेडियम के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने हवन-पूजन के साथ किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इसके लिए 2 करोड़ 28 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के बीच नेहरू स्टेडियम के पुनर्निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हुई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि नेहरू स्टेडियम का आधुनिकीकरण रुड़की के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में आधुनिक चेंजिंग रूम, पवेलियन, दर्शक दीर्घा और अन्य खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर माहौल मिल सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्टेडियम के आधुनिक स्वरूप में आने के बाद स्थानीय खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम रोशन करेंगे। मेयर अनीता अग्रवाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार लगातार विकास कार्यों को गति दे रही है। 

6 0
Copyrights 2025, khabrikaka.com ALL RIGHTS RESERVED. SITE DEVELOPED & MANAGED BY WORLD IT DIMENSIONAL SOLUTIONS