सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ धाम मास्टर प्लान कार्यों का लिया जायजा

बदरीनाथ धाम। बदरीनाथ धाम के कपाट रविवार सुबह 6 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिए गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा कर देश और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थित लक्ष्मी मंदिर, गणेश मंदिर, आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी सहित सभी प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना की। कपाट खुलने के मौके पर देश और विदेश से करीब 15 हजार श्रद्धालु मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने तीर्थयात्रियों का अभिवादन किया और यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षित चारधाम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार हर स्तर पर प्रयास कर रही है। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से हरित और स्वच्छ यात्रा के लिए सहयोग की अपील की।

बदरीनाथ मास्टर प्लान की प्रगति का जायजा लेते हुए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली संदीप तिवारी से विस्तृत जानकारी ली और मंदिर के समीप निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की और गोविंदघाट में अलकनंदा नदी पर निर्माणाधीन पुल का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, विधायक किशोर उपाध्याय, बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कपरवाण व ऋषि प्रसाद सती, बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय थपलियाल, धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।

1 6 8
Copyrights 2025, khabrikaka.com ALL RIGHTS RESERVED. SITE DEVELOPED & MANAGED BY WORLD IT DIMENSIONAL SOLUTIONS