कोटद्वार में भाजपा जिला कार्यकर्ता बैठक

कोटद्वार। भारतीय जनता पार्टी, कोटद्वार द्वारा आयोजित जिला कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत–2047 के संकल्प और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार की उपलब्धियों व जनकल्याणकारी योजनाओं को घर–घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट के कोटद्वार पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने कौड़िया बैरियर पर उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। पनियाली स्थित वन विभाग सभागार में आयोजित जिला कार्यकर्ता बैठक का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह बिष्ट, महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत, राज्य मंत्री राजेन्द्र अन्थवाल, ऋषि कंडवाल एवं ब्लॉक प्रमुख बीना राणा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।


इस अवसर पर भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा तथा मोदी–धामी सरकार की जनहितैषी नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस एवं निर्दलीय पार्षदों सहित कुल 57 लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें कांग्रेस पार्षद श्रीधर वेदवाल, मनीष नैथानी, निर्दलीय पार्षद नेत्र मोहन असवाल, दीपक पाठक, जयदीप नौटियाल, जेपी बहुखंडी, आरती खर्कवाल, पूर्व पार्षद हरीश खर्कवाल, महेश नेगी, पार्षद प्रत्याशी संगीता देवी, दीपक पांडेय, विनय शर्मा सहित अनेक लोग शामिल रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी नवप्रवेशी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा परिवार से जुड़कर वे राष्ट्र निर्माण की यात्रा के सहभागी बने हैं।
प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।


उन्होंने कहा कि लोकसभा, विधानसभा, निकाय, पंचायत और सहकारी संस्थाओं में भाजपा को मिल रही जीत यह दर्शाती है कि सरकार जन अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने घटते जनाधार से बौखलाकर ओछी राजनीति कर रही है।


प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि “जनता की सरकार, जनता के द्वार” की अवधारणा को साकार करने के लिए राज्य सरकार न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों—जैसे आधारभूत ढांचे का विकास, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए अवसर और पारदर्शी शासन—को जन–जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इससे पूर्व जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल ने स्वागत भाषण में कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रसेवा की भावना से कार्य करता है।


महापौर शैलेन्द्र सिंह रावत ने नगर विकास एवं स्वच्छता के क्षेत्र में डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया।
प्रदेश मंत्री एवं राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट सतीश लखेड़ा ने कहा कि कांग्रेस आज भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है।
उन्होंने अंकिता प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार की निष्पक्ष जांच और प्रभावी पैरवी के कारण दोषियों को आजीवन कारावास की सजा मिली है। सरकार ने सोशल मीडिया पर प्रसारित ऑडियो के आधार पर एसआईटी का गठन किया है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।


कार्यक्रम में ओबीसी मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष भरत लाल, महिला मोर्चा की नवनियुक्त प्रदेश मंत्री अनीता आर्य, अनुसूचित मोर्चा गढ़वाल सह संयोजक आनंद सहित अनेक पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

7 6 5
Copyrights 2025, khabrikaka.com ALL RIGHTS RESERVED. SITE DEVELOPED & MANAGED BY WORLD IT DIMENSIONAL SOLUTIONS