केदारनाथ यात्रा की जिम्मेदारी निभाने के बाद स्वच्छता अभियान में जुटा प्रशासन
श्री केदारनाथ धाम यात्रा का सफल एवं व्यवस्थित संचालन करने के बाद अब जिला प्रशासन धाम एवं यात्रा मार्ग की स्वच्छता व्यवस्था में जुट गया है। जिलाधिकारी सौरभ गहरवार के निर्देशन एवं निगरानी में केदारपुरी सहित पैदल यात्रा मार्ग पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
स्वच्छता अभियान के तहत प्लास्टिक कचड़ा, जैविक कूड़ा एवं वेस्ट मैटीरियल का निस्तारण जाएगा। बर्फबारी से पहले सभी वेस्ट मैटीरियल निस्तारित हो जाए जिससे अनावश्यक गंदगी कहीं भी न फैले एवं अगले वर्ष यात्रा मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था पहले से दुरुस्त रहे।
सुलभ इंटरनेशनल के प्रबंधक धनंजय पाठक ने बताया कि 60 पर्यावरण मित्रों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। उधर नगर पंचायत केदारनाथ के भी करीब 60 पर्यावरण मित्रों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया है।
विशेष स्वच्छता अभियान के अंतर्गत केदारपुरी एवं यात्रा मार्ग से प्लास्टिक कचड़े को प्लास्टिक बैगों में जमा किया जा रहा है। प्लास्टिक कचड़े को एकत्रित कर सोनप्रयाग स्थित कॉम्पेक्टर में पहुंचाया जाएगा जहां से इसे कॉम्पेक्ट कर उचित निस्तारण के लिए भेजा जाएगा। वहीं होटल एवं रेस्तरां संचालकों के जैविक कूड़े का भी निस्तारण किया जा रहा है। कई दुकान संचालकों द्वारा दुकानों का वेस्ट मैटीरियल भी यथावत विभिन्न स्थानों पर लावारिस छोड़ दिया गया है इसका भी निस्तारण किया जा रहा है। वहीं घोड़े की लीद एवं अन्य वेस्ट मैटीरियल भी निस्तारित किए जा रहे हैं।